नई दिल्ली। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के मुखिया मुकेश अंबानी की रिलायंस रिटेल ने बिजनेस ग्रोथ के लिए महत्त्वाकांक्षी योजना बनाई है। वह अब सैलून कारोबार में उतरने का प्लान बना रही है। सूत्रों की माने तो कंपनी चेन्नई के नैचुरल्स सैलून एंड स्पा में 49 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने के लिए बातचीत कर रही है। नैचुरल्स सैलून एंड स्पा के भारत में 650 से ज्यादा सैलून हैं। यह कंपनी 2000 में शुरू हुई थी। वर्ष 2025 तक कंपनी की योजना 3,000 सैलून तक विस्तार करने की है। अगर रिलायंस रिटेल और नैचुरल्स सैलून एंड स्पा की डील हो जाती है, तो रिलायंस रिटेल का सीधा मुकाबला हिंदुस्तान यूनिलीवर (एचयूएल) जैसी दिग्गज कंपनी से होगा। एचयूएल ब्यूटी ब्रांड लैक्मे के तहत सैलून का कारोबार कर रही है।
सूत्रों का कहना है कि रिलायंस रिटेल नैचुरल्स के अधिग्रहण की संभावनाओं का मूल्यांकन कर रही है। रिलायंस के प्रवक्ता ने कहा कि हमारी कंपनी नियमित रूप से कई अवसरों का मूल्यांकन करती है। नैचुरल्स सैलून एंड स्पा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सी.के. कुमारवेल ने बताया कि यह कंपनी के इतिहास में सबसे बड़ा मोड़ है, क्योंकि एक बहुराष्ट्रीय समूह सैलून इंडस्ट्री में प्रवेश करने वाला है।
भारत में 20,000 करोड़ रुपए के सैलून उद्योग में ब्यूटी पार्लर और नाई की दुकानों वाले करीब 65 लाख लोग जुड़े हैं। यह कोविड-19 महामारी के दौरान बुरी तरह प्रभावित क्षेत्रों में से एक था। सी.के. कुमारवेल ने कहा, पिछले सात महीने में व्यापार मजबूत रहा है। हम हिस्सेदारी कम कर रहे हैं तो इसकी वजह कोविड नहीं है। आने वाले समय में नैचुरल्स सैलून एंड स्पा में बड़े बदलाव दिखेंगे।
