कानपुर नगर निगम और गाजियाबाद निगर निगम द्वारा खूंखार नस्ल के कुत्ते रॉटविलर, पिटबुल और डोगो अर्जेटीनो पालने पर रोक के बाद अब मेरठ में भी इन प्रजाति के कुत्ते पालने पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। मेरठ नगर निगम बोर्ड की बैठक में सर्वसम्मति से ये प्रस्ताव पारित कर दिया गया है। यह जानकारी मेरठ महापौर सुनीता वर्मा और मेरठ नगरायुक्त डा0 अमित पाल शर्मा ने दी। जिन लोगों ने पहले से इन नस्ल के कुत्ते पाले हुए हैं उनको कुत्तों की नसबंदी कराने के निर्देश जारी किए गए हैं।
मेरठ। मेरठ महानगर में लोग अब पिटबुल, रॉटविलर और डोगो अर्जेंटीनो प्रजाति जैसे खूंखार नस्ल के कुत्ते नहीं पाल सकेंगे। नगर निगम ने आज इनके पंजीकरण पर प्रतिबंध लगा दिया है। प्रदेश में कानपुर और गाजियाबाद नगर निगम पिटबुल और राटविलर जैसे खूंखार नस्ल के कुत्तों के पंजीकरण करने पर पहले ही रोक लगा चुका है। इसके लिए नियमावली भी तैयार कर रहे हैं। इस मामले में मेरठ नगर निगम ने कुछ समय पूर्व कवायद शुरू की थी। इसी कारण से निगम का लाइसेंस अनुभाग पिटबुल और राटविलर जैसे खूंखार प्रजाति के कुत्तों का पंजीकरण नहीं कर रहा था। आज बुधवार को टाउन हाल परिसर में आयोजित नगर निगम की बोर्ड बैठक में नियमावली (श्वान एवम अन्य छोटे पालतू जानवरों की अनुज्ञप्ति, नियंत्रण और विनियमन उपविधि 2022 ) सदन के सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत की। जिसमें पिटबुल, राटविलर और डोगो अर्जेंटीनो जैसे खूंखार नस्ल के कुत्ते पालने पर रोक का निर्णय सर्व सम्मति से लिया गया।
ऐसा करने वाला मेरठ प्रदेश में तीसरा नगर निगम है। इससे पहले कानपुर और गाजियाबाद नगर निगम ने इन खूंखार कुत्तों पर रोक लगा चुके हैं। खूंखार प्रजाति के इन कुत्तों के लगातार लोगों पर हमले की घटनाओं के बाद इनके पालने पर रोक की मांग उठी थी। जिले के मवाना में भी पिटबुल के हमले का मामला सामने आया था। उसके बाद शहर में भी इस तरह का एक मामला सामने आया। नगर निगम के लिए निर्णय के अनुसार जिन लोगों ने पहले से इन खतरनाक नस्लों के कुत्ते पाल रखे हैं, उनका बंध्याकरण दो माह के अंदर कराना जरूरी होगा। उसके बाद उस कुत्ते को वो अपने पास रख सकेंगे। अब इस नस्ल के नए कुत्ता पालने पर रोक होगी।
पिटबुल, रॉटविलर और डोगो अर्जेंटीनो खतरनाक नस्ल के कुत्ते माने जाते हैं। इनके पालने पर कई देशों में प्रतिबंध लगा हुआ है।जानकारों के मुताबिक पिटबुल नस्ल को शिकार और लड़ने के लिए पैदा किया गया। ऐसे में ये कुत्ते आज खतरा बने हैं। दूसरी वजह इनका विशाल शरीर, मजबूत जबड़ा और हत्यारा प्रवृत्ति इन कुत्तों को खतरनाक बनाती है। बताया जाता है कि मनुष्य पिटबुल के आगे कुछ भी नहीं हैं। रॉटविलर ब्रीड को बहुत ख़तरनाक माना जाता है। इसका जबड़ा व शरीर बेहद मजबूत होता है। इसकी लंबाई 61 से 70 सेंटीमीटर तथा वजन 60 किग्रा से अधिक भी होता है। डोगो अर्जेंटीनो को भी खतरनाक प्रजाति का कुत्ता माना जाता है।
