नई दिल्ली। पंजाब के कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने बॉलीवुड के दबंग एक्टर सलमान खान की हत्या की साजिश रची थी। इस बात का खुलासा काफी पहले ही पंजाब पुलिस कर चुकी है। अब इस मामले में एक चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। सलमान खान की हत्या की साजिश रचने वाले गिरोह का एक खतरनाक शॉर्प शूटर बिहार से गिरफ्तार किया गया है। बिहार के जमुई जिले से पंजाब के कुख्यात गैंगस्टर लखबीर सिंह उर्फ लंडा गिरोह के शॉर्प शूटर करण मान को गिरफ्तार किया गया है।
आपको बता दे, पंजाब के कुख्यात अपराधी और शार्प शूटर करण मान को जमुई पुलिस ने गिरफ्तार किया। करण मान पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। जमुई पुलिस ने बताया कि करण मान को गरही थाना क्षेत्र से पुलिस ने गिरफ्तार किया है। करण मान पर पंजाब के विभिन्न थानों में लूट, हत्या, रंगदारी, अपहरण, चरस, तस्करी, आर्म्स एक्ट सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गिरफ्तारी से बचने के लिए करण मान जमुई में छिपा हुआ था। यहां की पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि करण मान गरही थाना क्षेत्र में छिपा है। जिसके बाद जमुई एसपी शौर्य सुमन ने करण मान को गिरफ्तार करने के लिए एक टीम बनाई। इस टीम ने गरही थाना क्षेत्र के दरिमा गांव और सीमावर्ती क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया। जिसमें अरूणमाबांक से करण मान को गिरफ्तार करने में कामयाबी मिली।
गौरतलब है कि करण मान 2017 में पंजाब के मोहाली में पुलिस इंटेलिजेंस ऑफिस पर हमले में भी नामजद अभियुक्त है। इसे पंजाब पुलिस काफी लंबे समय तलाश कर रही थी। जमुई एसपी ने बताया कि करण मान की गिरफ्तारी के बाद उसे पंजाब पुलिस से संपर्क कर उक्त को विधिवत तरीके से सौंप दिया गया।
