Muzaffarnagar : बदमाशों ने व्यापारी पर हमला कर दिनदहाड़े लूटा लाखों रुपयों से भरा बैग

Muzaffarnagar: The miscreants attacked the businessman and looted a bag full of lakhs of rupees in broad daylight
प्रतीकात्मक चित्र

मुज़फ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में बाइक सवार बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक व्यापारी को घायल कर उससे नगदी से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल व्यापारी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने वारदात को उस समय अंजाम दिया जब व्यापारी अपने घर गांधी कॉलोनी से रुड़की रोड स्थित अपनी दुकान पर जा रहा था। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।


यह घटना मुजफ्फरनगर के थाना नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित अंसारी रोड की है। गांधी कॉलोनी निवासी व्यापारी अर्पित जग्गा घर से दुकान जाने के लिए निकले थे। जैसे ही वे अंसारी रोड पर पहुंचे तो बाइक सवार 2 बदमाशों ने उन पर लोहे की रॉड से हमला बोल दिया और बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में लाखों का कैश और दुकान के कागजात थे। इस घटना की जानकारी पुलिस को दी गई तो पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना के तुरंत बाद थाना नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही सीओ सिटी कुलदीप सिंह और एसपी सिटी भी घटनास्थल पर पहुंच गए और घायल व्यापारी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।


घायल व्यापारी के परिजनों ने बताया कि दो बाइक सवार बदमाश उनके सिर पर किसी हथियार से हमला करते हुए लाखों रुपए लूटकर फरार हो गए हैं। परिजनों का कहना है कि बैग में करीब 4 से 5 लाख रुपये हैं। फिलहाल पुलिस इस मामले में जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, व्यापारी अर्पित जग्गा कपड़े की दुकान के साथ-साथ मनी एक्सचेंज का भी काम भी करते हैं।


Previous Post Next Post