पीएम मोदी के जन्मदिन के सहारे 2024 की तैयारी में जुटी बीजेपी


मेरठ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 17 सितंबर को 72 साल के हो रहे हैं। पीएम मोदी के 72वें जन्मदिन को भाजपा सेवा पखवाड़े के रूप में खासतौर से सेलिब्रेट करने जा रही है। आपको बता दे, बीजेपी की तरफ से पीएम के बर्थडे पर 15 दिन की स्पेशल सेवा सीरिज प्लान की गई है। इस सेवा पखवाड़े में वर्तमान केंद्र सरकार द्वारा संचालित तमाम योजनाओं को लेकर कैंप आयोजित होंगे। साथ ही भाजपा नेता घर-घर जाकर जनता से योजनाओं का फीडबैक लेंगे, तथा जानकारी देंगे। दरअसल पीएम के बर्थडे के बहाने बीजेपी ने 2024 लोकसभा चुनाव की तैयारियों को आकार देने का रूट मैप प्लान किया है। ताकि जनता के बीच वर्तमान सरकार के कामों का बखान हो सके, और इसके साथ ही जनता का फीडबैक भी मिल सके।

इन सेवा पखवाड़ों का आगाज मेरठ सहित यूपी के अन्य जिलों में रक्तदान शिविरों से किया जा रहा है। मेरठ में लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल और मोदीपुरम के निजी अस्पताल में ब्लड डोनेशन कैंप लगाया जा रहा है। 3 जगहों पर भाजयुमो कार्यकर्ता रक्तदान शिविर लगाकर रक्तदान करेंगे। आम जनता से भी रक्तदान की अपील की जा रही है। हर जिले में ये ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित किए जा रहे हैं।

मेरठ के भाजपा जिला प्रभारी पंकज सिंह ने 11 सितंबर को इन सेवा पखवाड़ों के संबंध में बैठक ली थी। तब उन्होंने कहा था कि 17 सितंबर से 2 अक्तूबर यानि गांधी जयंती तक सेवा पखवाड़ा मनाया जाना है। इस दौरान हर कार्यकर्ता को जनता के बीच जाकर फीडबैक लेना और योजनाओं का प्रचार करना है। हमारा लक्ष्य 3 करोड़ लोगों के बीच इन 15 दिनों में अपनी पहुंच बनाने का है।

ब्लड डोनेशन कैंप से इस सेवा पखवाड़े की शुरूआत की जा रही है। इसके जरिए युवाओं को जोड़ा जाएगा। इसके अलावा पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती, मन की बात का कार्यक्रम, पुष्पांजलि एवं विचार प्रस्तुतीकरण ,स्वच्छता अभियान, जल ही जीवन कैंप, कैच द रेन ,खादी की खरीद एवं जागरूकता अभियान, निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, स्वास्थ्य मेला ,प्रबुद्ध बुद्धिजीवी सम्मेलन, कृत्रिम उपकरण का वितरण कैंप, अंत्योदय योजना शिविर, कोविड टीकाकरण केंद्र पर स्टाल, वृक्षारोपण मोदी व्यक्तित्व प्रदर्शनी ,स्वच्छता अभियान शुभकामनाएं अभिनंदन पत्र, टीबी मुक्त राष्ट्र यह सभी अभियान रहेंगे।

सेवा पखवाड़े में होने वाले शिविरों के जरिए भाजपा ने अपने नेताओं को जनता के बीच जाने का लक्ष्य दिया है। योजनाओं से संबंधित विभाग, अफसर अपने स्तर पर शिविरों का आयोजन करेंगे। दूसरी तरफ पन्ना प्रमुख से लेकर सांसद, विधायक, मंत्री अपने स्तर पर अभियान और शिविरों में पहुंचेंगे। लाभार्थियों से भेंट कर उनसे बात करेंगे। पन्ना प्रमुख, बूथ स्तर के कार्यकर्ता अपने बूथों पर कैंप लगाकर जनता से फीडबैक लेंगे। योजनाओं की जानकारी देंगे। भाजपा सरकार की नीतियों के बारे में जनता को बताएंगे। सरकारी अफसर और पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा समानांतर रूप से इस सेवा पखवाड़े में वर्तमान सरकार की योजनाओं, कामों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।


Previous Post Next Post