मेरठ। मेरठ से लेकर पूर्वोत्तर राज्यों और पड़ोसी देश बांग्लादेश तक गोतस्करी का जाल बिछाने वाले राष्ट्रीय गो-तस्कर अकबर बंजारा की 26 करोड़ की संपत्ति को पुलिस ने चिन्हित कर उसके जब्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा गोतस्कर के संपत्ति की जब्तीकरण की कार्रवाई जिलाधिकारी मेरठ के आदेश पर शुरू की गई है। पुलिस का दावा है कि अकबर बंजारा ने गो-तस्करी की अवैध कमाई से संपत्ति अर्जित की है।
आपको बता दे, मेरठ एसपी देहात केशव कुमार ने बताया कि थाना नौचंदी क्षेत्र के सेक्टर 11 शास्त्रीनगर में अकबर बंजारा का आलीशान मकान है। इसके अलावा तीन मकान उसके फलावदा कस्बे में हैं। बहसूमा में अकबर बंजारा की 155 बीघा कृषि भूमि है। गांव महलका में 20 बीघा,नारनौल में 18 बीघा, मारवाड़ी में 20 बीघा और नौ बीघा जमीन बदनौरा गांव में है। इसके अलावा लिसाड़ीगेट के सौ फुटा रोड पर 15 दुकानें और तीन मकान अकबर के नाम से हैं। गांव समसपुर में 53 बीघा आम बाग है। इस बाग की कीमत सात करोड़ रुपये से अधिक है।
एसपी देहात ने बताया कि अकबर बंजारा की इन सभी संपत्ति की कीमत करीब 26 करोड़ रुपये मानी है। उसके अलावा अकबर बंजारा की संपत्ति की तलाश की जा रही है। बता दें कि फलावदा पुलिस ने अकबर बंजारा के भाई सलीम बंजारा, पंजाब निवासी रंजीत कुमार, बाबू खां और मुजफ्फरनगर के इकबाल के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। चारों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ताबड़तोड़ दबिश दे रही है।
