संभल। उत्तर प्रदेश के संभल में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां ग्राम प्रधान को चुनाव में वोट न देने के कारण दलित महिला पर एसिड से हमला किया गया। चुनावी रंजिश में प्रधान पर एसिड अटैक कराने का आरोप है। पुलिस ने गंभीर हालत में महिला को इलाज के लिए अस्पताल भेजा, जहां से उसे मुरादाबाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ अंग-भंग एवं SC-ST एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर लिया है।
आपको बता दे, संभल के ऐंचोड़ा कंबोह थाना के गांव मंडावली रसूलपुर का है। बताया गया कि यहां दबंग एक दलित बुजुर्ग महिला को खेत में खींच कर ले गए। जहां उसे घंटों बंधक बनाकर मारपीट की। उसके बाद महिला के चेहरे पर एसिड डाल दिया। पीड़ित महिला के परिजनों का कहना है कि घटना प्रधानी के चुनाव से जुड़ी है। जिसमें उन्होंने वर्तमान ग्राम प्रधान को वोट नहीं दिया था, जिससे वह नाराज चल रहा था। परिजनों ने आरोप लगाया कि प्रधान के लोग कई दिनों से उन्हें धमका रहे थे।
पीड़ित महिला के पति ने बताया कि प्रधानी के चुनाव में वोट नहीं देने के कारण प्रधान नाराज चल रहा था। वह पहले भी कई बार धमकी दे चुका था। बताया गया कि आरोपी पक्ष ने पहले भी परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की है। जिसके बाद उन्होंने रिपोर्ट भी दर्ज कराई। लेकिन पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया। परिजनों का कहना है कि यदि पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर लेती तो ये घटना नहीं होती। फिलहाल पुलिस पीड़ित महिला को अस्पताल में भर्ती कर, मामले की जांच में जुटी है।
